विद्युत संपर्क अभियान में 600 शिकायतें प्राप्त, 574 का मौके पर हुआ निराकरण

0

मुलताई। मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के मुलताई संभाग द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को संपर्क अभियान के तहत संभाग के सभी 10 वितरण केंद्रों के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने पहुंचकर बिजली बिल, मीटर, नए कनेक्शन तथा विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। विभाग ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की।

मुलताई संभाग के उपमहाप्रबंधक हितेश वशिष्ठ ने बताया कि सभी शिविरों में कुल 600 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 574 शिकायतों का तत्काल मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष शिकायतों का भी विभाग द्वारा निर्धारित समय-सीमा में समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मीटर बदलने संबंधी 166 शिकायतें प्राप्त हुई थीं और सभी 166 उपभोक्ताओं के मीटर तत्काल बदल दिए गए।

गलत बिजली बिल मिलने की केवल एक शिकायत दुनावा वितरण केंद्र से प्राप्त हुई, जिसका शिविर स्थल पर ही समाधान कर दिया गया। इसी प्रकार नए विद्युत कनेक्शन के लिए प्राप्त 35 आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही कनेक्शन प्रदान किए गए। वहीं बिल प्राप्त नहीं होने संबंधी 96 शिकायतों के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को तुरंत डुप्लीकेट बिजली बिल उपलब्ध कराए गए। शिविर के दौरान 158 उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिलों का भुगतान भी किया।

उपमहाप्रबंधक ने बताया कि विद्युत आपूर्ति एवं लो-वोल्टेज से संबंधित 75 शिकायतों का भी मौके पर निराकरण किया गया। उन्होंने कहा कि संपर्क अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके क्षेत्र में ही सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

उपमहाप्रबंधक हितेश वशिष्ठ ने बताया कि जुलाई माह में संपर्क अभियान के अगले चरण के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। 9 जुलाई को वितरण केंद्र घाटबिरोली के ग्राम पिपरिया, सांईखेड़ा के ग्राम निमनवाड़ा तथा दुनावा के ग्राम रिधोरा में शिविर लगाए जाएंगे। 10 जुलाई को वितरण केंद्र बिसनूर के ग्राम पंगमहू, रायआमला के ग्राम आष्टा, पट्टन के ग्राम बड़ली, जौलखेड़ा के ग्राम ऐनस तथा मुलताई ग्रामीण के ग्राम हतनापुर में शिविर आयोजित होंगे। वहीं 11 जुलाई को वितरण केंद्र मासोद के ग्राम इटावा तथा मुलताई शहर के इंदिरा गांधी वार्ड में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। उपमहाप्रबंधक श्री वशिष्ठ ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बिजली से संबंधित अपनी समस्याओं का मौके पर ही समाधान प्राप्त करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here