पति की गुमशुदगी दर्ज कराने वाली पत्नी ही निकली हत्याकांड की मास्टरमाइंड, प्रेमी के साथ मिलकर की हत्या

0

बैतुल -शाहपुर। पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली पत्नी ही उसकी हत्या की मुख्य आरोपी निकली। प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल में नाले के पास रेत में दफना दिया। शाहपुर पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम खापा निवासी संदीप यादव की पत्नी सागर यादव ने 20 नवंबर को थाना शाहपुर पहुंचकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर संदीप की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पत्नी सागर यादव और ओमप्रकाश यादव की संदिग्ध गतिविधियों तथा दोनों के बीच संबंधों की जानकारी सामने आई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ना शुरू किया। जांच में खुलासा हुआ कि सागर यादव ने अपने प्रेमी ओमप्रकाश यादव के साथ मिलकर पति संदीप की हत्या की थी। इसके बाद दोनों ने शव को ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल में नाले के पास रेत में दफना दिया था।

22 नवंबर को आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में शव की तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे और शव दफनाने का वास्तविक स्थान नहीं बता रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नीरज पाल ने जिला फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, डॉग हैंडलर विवेक गाडगे और पुलिस फोटोग्राफर प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े घटनास्थल पहुंचे।

पुलिस ने मृतक की चप्पल और कपड़े मंगवाकर डॉग को उनकी गंध सुंघाई। इसके बाद डॉग जंगल की ओर बढ़ा और मुख्य सड़क से करीब तीन किलोमीटर अंदर नाले के पास पहुंच गया। डॉग द्वारा बताए गए स्थान पर जांच करने पर शव दफन होने के संकेत मिले। इसके बाद तहसीलदार इटारसी और थाना प्रभारी केसला की मौजूदगी में वैधानिक प्रक्रिया के तहत खुदाई कराई गई। नाले के पास रेत में दफन संदीप यादव का शव बरामद कर लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल अमित सक्सेना स्वयं घटनास्थल पहुंचे और शाहपुर तथा केसला पुलिस के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शव मिलने के बाद थाना केसला में मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल शाहपुर थाना क्षेत्र का होने से शाहपुर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 529/2026 में धारा 140(3) बीएनएस के साथ धारा 103(1) और 238 बीएनएस का इजाफा किया गया है।

अंधे कत्ल का खुलासा करने और शव बरामद करने की कार्रवाई में एसडीओपी शाहपुर अर्चना शर्मा, थाना प्रभारी नीरज पाल, निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक सोनम साहू, प्रधान आरक्षक अनूप, आरक्षक सलमान, नीरज पांडे, धीरज काले, सुभाष माकोड़े, विवेक गाडगे, पवन एनिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।-पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने आमजन से पारिवारिक एवं व्यक्तिगत विवादों का समाधान आपसी संवाद और वैधानिक माध्यमों से करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में न लें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here