पोद्दार लर्न स्कूल में वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुआ विद्यारंभ संस्कार,

0

मुलताई। नगर के पोद्दार लर्न स्कूल में विद्यालय के चौथे स्थापना दिवस के अवसर पर नर्सरी एवं जूनियर कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों के लिए विद्यारंभ संस्कार का भव्य आयोजन किया गया। गायत्री परिवार के सहयोग से आयोजित यह संस्कार कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का शुभारंभ भारतीय संस्कृति एवं श्रेष्ठ संस्कारों के साथ करना था। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम चरित्र, ज्ञानार्जन तथा सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की गई।संस्कार समारोह में गायत्री परिवार की निर्मला चौधरी, उर्मिला देशमुख एवं मीरा देशमुख की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने वैदिक रीति-रिवाजों एवं मंत्रोच्चार के साथ नन्हे विद्यार्थियों का विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया तथा शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या तन्वी सवाशेरे एवं डायरेक्टर मुनमुन यादव ने विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है जब उसमें संस्कारों का समावेश हो। विद्यालय बच्चों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके नैतिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।

आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं आशा देशमुख, रश्मि परिहार सहित समस्त विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से सराबोर रहा।

समारोह में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की इस संस्कारप्रधान पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here