पुष्पांजलि, पौधारोपण और डिजिटल प्रशिक्षण अभियान का हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने उनके राष्ट्रवादी विचारों को किया याद
मुलताई। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती सोमवार को मुलताई नगर सहित संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को स्मरण किया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत महिला मोर्चा द्वारा प्रत्येक बूथ पर पौधारोपण किया गया तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल प्रशिक्षण अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर नगर एवं विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर पुष्पांजलि, पौधारोपण और डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महिला मोर्चा ने प्रत्येक बूथ पर पौधे लगाए। मासोद मंडल अंतर्गत ग्राम परसोडी में आयोजित मंडल की मासिक बैठक के दौरान भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रखर राष्ट्रवादी, शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए संघर्ष किया, जो आज भी इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि 6 जुलाई 1901 को कोलकाता (बंगाल) में जन्मे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महान शिक्षाविद, दूरदर्शी नेता एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे। उन्हें अखंड भारत के अमर बलिदानी के रूप में भी स्मरण किया जाता है।

उन्होंने मात्र 33 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बनने का गौरव प्राप्त किया था।कार्यक्रम में विधायक चंद्रशेखर देशमुख, कार्यक्रम संयोजक तुलसीराम बारस्कर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भास्कर मगरदे, नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, मासोद मंडल अध्यक्ष विजय घोड़की, मासोद मंडल प्रभारी इंद्रपाल पुंडे, भाजपा जिला मंत्री वर्षा गढ़ेकर, नगर मंडल उपाध्यक्ष स्वाती भार्गव, महिला मोर्चा नगर मंडल अध्यक्ष सुधा परमार, बीना पंजाबी, गौरी सूर्यवंशी, रोशनी राजपूत, ज्योति साहू, सोनम पहाड़े, नंदकिशोर बरखाड़े, राजू चौबे सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शक्ति केंद्र संयोजक, सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





