रक्षाबंधन के बाद निकलेगी भव्य शोभायात्रा, लाठी-तलवार से लेकर आग और भारी वजन उठाने तक के होंगे प्रदर्शन,
मुलताई। प्रतिवर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर भुजलिया पर्व पर निकलने वाले साहू समाज समिति नवयुवक जय बजरंग अखाड़े की तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस वर्ष भी अखाड़े के प्रशिक्षित पहलवानों द्वारा किए जाने वाले हैरतअंगेज करतब भुजलिया पर्व के प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
नवयुवक बजरंग अखाड़ा केवल एक अखाड़ा नहीं, बल्कि नगर की सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर के रूप में भी अपनी पहचान बनाए हुए है। अखाड़े से जुड़े बुजुर्ग पहलवानों के अनुसार, आजादी के वर्ष 1947 में बुजुर्गों द्वारा अखाड़े की शुरुआत की गई थी। तब से लगातार करीब 80 वर्षों से नागपंचमी पर्व पर विधि-विधान से शस्त्र पूजन के बाद अखाड़े का अभ्यास शुरू किया जाता है। इस वर्ष भी नागपंचमी से शुरू हुआ पहलवानों का नियमित अभ्यास पूरा हो चुका है। रक्षाबंधन के बाद भुजलिया पर्व पर अखाड़े की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

इसमें समाज की महिलाएं सिर पर भुजलिया लेकर अखाड़े के साथ शामिल होंगी। गाजे-बाजे के साथ निकलने वाली शोभायात्रा में अखाड़े के सदस्य अपनी कला और शौर्य का प्रदर्शन करते हुए सामाजिक एकता का संदेश देंगे। अखाड़े से जुड़े सदस्यों का कहना है कि पारंपरिक शस्त्रों का अभ्यास आत्मरक्षा के साथ-साथ हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से बच्चों और युवाओं को भी अखाड़े से जोड़ा जा रहा है। पिछले कई दशकों में कई पीढ़ियों ने इस अखाड़े में अपने हुनर का प्रदर्शन किया है।

लाठी, तलवार और भाले के साथ दिखेंगे हैरतअंगेज करतब,
भुजलिया पर्व पर निकलने वाली शोभायात्रा में पहलवानों द्वारा लाठी, तलवार और भाला घुमाने सहित विभिन्न पारंपरिक करतब प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा शरीर पर भारी वजन उठाना, नुकीली कीलों पर लेटकर शरीर के ऊपर से मोटरसाइकिल निकालना, सिर पर ट्यूबलाइट फोड़ना, शरीर पर रखे भारी पत्थर को तोड़ना, आग के बीच से निकलना, भारी वाहन खींचना, टाइल्स फोड़ना, हाथों से नारियल फोड़ना और

अन्य साहसिक प्रदर्शन भी किए जाएंगे। इन रोमांचक प्रदर्शनों को देखने के लिए हर वर्ष नगर के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में नागरिक एकत्रित होते हैं। अखाड़े के पहलवान और सदस्य पूरे उत्साह के साथ अभ्यास कर चुके हैं और इस वर्ष भी भुजलिया पर्व पर अखाड़े के भव्य प्रदर्शन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


