नरखेड़ के पास हादसे से करीब तीन घंटे प्रभावित रहा यातायात, दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतारें; चालक-कंडक्टर सुरक्षित,
मुलताई। मुलताई-अमरावती मार्ग पर ग्राम नरखेड़ के समीप शुक्रवार को मुर्गियों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक सड़क पर आड़ा हो गया और बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। दुर्घटना के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में ट्रक चालक और कंडक्टर सुरक्षित बच गए।
सड़क पर आड़ा पलटा ट्रक, दोनों ओर थम गया यातायात,
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुर्गियों से भरा ट्रक नरखेड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक के बीच सड़क पर आड़ा हो जाने के कारण बड़े वाहनों के लिए मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। देखते ही देखते मुलताई और अमरावती की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे के कारण छोटे वाहनों को भी निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। मार्ग पर यातायात व्यवस्था बिगड़ने से यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

रक्षाबंधन के कारण पहले से अधिक था यातायात,
शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व होने के कारण मुलताई-अमरावती मार्ग पर सुबह से ही सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक यातायात था। बड़ी संख्या में लोग पर्व के चलते अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुर्गियों से भरे ट्रक के पलटने से मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ गया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने के लिए क्रेन बुलवाई गई। खबर लिखे जाने तक ट्रक को बीच सड़क से हटाने का प्रयास जारी था। ट्रक के हटने के बाद ही बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही थी। हादसे में चालक और कंडक्टर के सुरक्षित बच जाने से बड़ी जनहानि टल गई। दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।




