बर्राढाना आगजनी: विधायक हेमंत खंडेलवाल पहुंचे मौके पर, पीड़ितों को तत्काल आर्थिक सहायता,

0

बैतूल, रविवार। भीमपुर ब्लॉक के ग्राम बर्राढाना में हुई भीषण आगजनी के बाद पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल रविवार को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

इस दौरान विधायक खंडेलवाल ने आगजनी से प्रभावित सभी परिवारों को व्यक्तिगत रूप से तात्कालिक राहत स्वरूप 10-10 हजार रुपए की नगद सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और जनप्रतिनिधि पीड़ितों के साथ खड़े हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विधायक खंडेलवाल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा की है। मुख्यमंत्री द्वारा आगजनी प्रभावित परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। स्वेच्छानुदान निधि से भी मिलेगी सहायता विधायक खंडेलवाल ने बताया कि बैतूल और भैंसदेही के विधायकों की स्वेच्छानुदान निधि से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 20-20 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रावधान के तहत भी पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगजनी से हुए नुकसान का विस्तृत आंकलन कर शीघ्र मुआवजा वितरित किया जाए तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूदइस अवसर पर जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

शनिवार शाम ग्राम पंचायत बाशिंदा के अंतर्गत बर्राढाना में अचानक लगी आग तेज हवाओं के कारण विकराल रूप धारण कर गई। आग की चपेट में आने से कई मकान, घरेलू सामान और अनाज जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। इस घटना में कुल 24 परिवार प्रभावित हुए हैं, जिनमें से लगभग 18 परिवारों को भारी नुकसान हुआ है, जबकि 6 परिवार आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं।राहत और स्वास्थ्य सेवाएं जारी– प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए राशन एवं आवश्यक सामग्री की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया है। इसके अलावा सामाजिक संस्थाएं भी पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आ रही हैं। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मौके पर चल रहे राहत कार्यों का निरीक्षण किया और पीड़ितों से मुलाकात के दौरान आश्वस्त किया कि आर्थिक सहायता और पुनर्वास की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि प्रभावित परिवार जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here