ताप्ती जन्मोत्सव से पहले नया म्यूजिकल फाउंटेन लगाने की मांग,

0

मुलताई। नगर पालिका परिषद मुलताई के एल्डरमैनों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम एक ज्ञापन उपयंत्री महेश शर्मा को सौंपते हुए ताप्ती सरोवर में विधायक निधि से स्थापित किए गए म्यूजिकल फाउंटेन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। एल्डरमैनों ने मांग की है कि आगामी ताप्ती जन्मोत्सव से पूर्व ताप्ती सरोवर में उच्च गुणवत्ता वाला एवं किसी प्रतिष्ठित कंपनी का नया म्यूजिकल फाउंटेन स्थापित कर उसे सुचारू रूप से संचालित किया जाए। साथ ही पूर्व में घटिया फाउंटेन उपलब्ध कराने वाली कंपनी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट घोषित किया जाए।

सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि विधायक चंद्रशेखर देशमुख की विधायक निधि से लगभग 11 लाख रुपये की राशि ताप्ती सरोवर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगरपालिका को म्यूजिकल फाउंटेन स्थापित करने के लिए प्रदान की गई थी। लेकिन अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह रही कि लाखों रुपये की लागत से लगाया गया यह फाउंटेन प्रारंभ होने के मात्र एक माह के भीतर ही बंद हो गया और लंबे समय से अनुपयोगी पड़ा हुआ है।

एल्डरमैनों ने कहा कि इतने कम समय में फाउंटेन का बंद हो जाना संबंधित प्रदायक कंपनी की निम्नस्तरीय कार्यप्रणाली, गैर-जिम्मेदाराना रवैये तथा अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन को दर्शाता है। शासकीय धनराशि से स्थापित इस परियोजना का अल्प समय में निष्प्रभावी हो जाना सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का उदाहरण है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आगामी दिनों में माँ ताप्ती के पावन जन्मोत्सव का भव्य आयोजन होने वाला है। इस अवसर पर नगर सहित प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक मुलताई पहुंचते हैं। ऐसे में यदि ताप्ती सरोवर में आकर्षक एवं आधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन प्रारंभ किया जाता है तो इससे जन्मोत्सव की भव्यता में वृद्धि होगी तथा नगर की पर्यटन पहचान को भी नया आयाम मिलेगा।

एल्डरमैनों ने मांग की कि जनहित एवं ताप्ती जन्मोत्सव की गरिमा को ध्यान में रखते हुए तत्काल नए म्यूजिकल फाउंटेन की स्वीकृति प्रदान कर उसकी स्थापना एवं संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त पूर्व में फाउंटेन उपलब्ध कराने वाली कंपनी के विरुद्ध गारंटी एवं वारंटी अवधि की शर्तों तथा अनुबंध के उल्लंघन के मामले में सख्त कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए। कंपनी के लंबित भुगतान पर रोक लगाने तथा उसे भविष्य के कार्यों से वंचित करने के लिए ब्लैकलिस्ट घोषित करने की भी मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में एल्डरमैन राजू चौबे, श्यामू ढोमने, प्रीतम सिसोदिया, मीना पंजाबी, सुनीता नागले, निलेश चावरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here