जनहित के सुझावों पर होगा प्रभावी अमल, जल संकट के स्थायी समाधान पर जोर,

0

बैतूल नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों द्वारा जनहित में दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल संकट से प्रभावित ग्रामों में बोरिंग, हैंडपंप मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कर जल आपूर्ति सुचारू बनाई जाए। साथ ही जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को प्राथमिकता देकर जिले में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शनिवार को आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक प्रभारी मंत्री श्री पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में दुर्गादास उईके, हेमन्त खंडेलवाल, महेंद्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, डॉ योगेश पंडाग्रे, गंगाबाई उईके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चिन्हित ग्रामों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर प्रत्येक योजना में सेचुरेशन लाया जाए। उन्होंने जल संरक्षण, सड़क निर्माण, उपार्जन, बिजली व्यवस्था एवं खाद वितरण से जुड़े सुझावों पर शीघ्र अमल करने के निर्देश दिए। उपार्जन एवं खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की स्लॉट बुकिंग एवं खाद वितरण संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं तथा अधिकारियों को किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने जिले में स्वीकृत निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चांदोरा-ताईखेड़ा मार्ग निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बैतूल-परतवाड़ा मार्ग को लगभग 1200 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा स्वीकृति मिलने पर केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।

विधायक हेमन्त खंडेलवाल ने जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए महाराष्ट्र के प्रसिद्ध सिरपुर मॉडल को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि बैतूल जिले में इसके प्रयोग सफल साबित हुए हैं। उन्होंने प्रशासन को आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अभियान चलाकर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य बनाने की आवश्यकता बताई तथा 15 मई से जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा जनजागरण अभियान प्रारंभ करने की बात कही। श्री खंडेलवाल ने बताया कि बड़ोरा मंडी के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिससे ट्रैफिक समस्या का समाधान होगा। साथ ही गल्ला मंडी एवं सब्जी मंडी के लिए 5 एकड़ भूमि का चिन्हांकन भी किया जा रहा है। ई-टोकन प्रणाली और सड़कों की मॉनिटरिंग पर बल उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए किसानों के बीच ई-टोकन प्रणाली का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत निर्मित सड़कों के पांच वर्षों तक नियमित मेंटेनेंस एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने पुराने कुओं की मरम्मत एवं साफ-सफाई कर उन्हें जल आपूर्ति का सशक्त स्रोत बनाने की बात कही। वहीं विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने पेयजल संकट वाले ग्रामों में 15वें एवं 5वें वित्त आयोग मद से बोरिंग कराने तथा बंद पड़ी नल-जल योजनाओं को पुनः सुचारू किए जाने की आवश्यकता बताई।

—————————————————————————


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here