दिनदहाड़े 20 लाख की सनसनीखेज नकबजनी का खुलासा, दो अंतरजिला शातिर चोर गिरफ्तार,

0

बैतूल/आमला। बैतूल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना आमला पुलिस ने दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो अंतरजिला शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर और सिवनी जिले के निवासी हैं तथा उनके खिलाफ पहले से भी विभिन्न जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में इस चर्चित चोरी की घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया, जिसके बाद दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। सूने मकान को बनाया निशाना पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को फरियादी दम्मूलाल सूर्यवंशी, निवासी बोड़खी नाका, आमला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और आलमारी में रखे लगभग 5 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना आमला में अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ, डॉग स्क्वाड और साइबर सेल की सहायता ली। घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की गई। इसके बाद 3 अगस्त 2026 को संदिग्ध जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा और सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली और उनकी निशानदेही पर चोरी गए अधिकांश जेवरात बरामद कर लिए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न शहरों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही कुछ ही मिनटों में ताला तोड़कर चोरी कर लेते और तुरंत फरार हो जाते थे। घटना वाले दिन भी दोनों आरोपी पिपरिया और इटारसी होते हुए बैतूल पहुंचे तथा बोड़खी क्षेत्र में सूना मकान देखकर मात्र 15 से 20 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी और अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा, पिता रामकिशन विश्वकर्मा, निवासी ग्राम भटेरा, जिला नरसिंहपुर। सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर, पिता गोकुल प्रसाद ठाकुर, निवासी ग्राम घंसौर, जिला सिवनी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का हार, चैन, रानीहार, सात जोड़ी टॉप्स, चार कंगन, दो मंगलसूत्र, दो लेडीज़ चेन, एक जोड़ी झुमके, तीन जोड़ी बिछिया, चांदी के आभूषण, लक्ष्मीजी अंकित 10 चांदी के सिक्के, अन्य सोने-चांदी के जेवरात तथा एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 18 से 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस पूरे मामले के सफल खुलासे में थाना आमला पुलिस, अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ, साइबर सेल, डॉग स्क्वाड तथा संपूर्ण पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here