हर-हर महादेव के जयघोष के बीच निकली सर्व मंगल कावड़ यात्रा, 

0

मुलताई। श्रावण मास के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पवित्र नगरी मुलताई से सर्व मंगल कावड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ शुक्रवार दोपहर 12 बजे मां ताप्ती उद्गम स्थल से हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुसज्जित कावड़ कंधों पर लेकर ताप्ती तट पहुंचे, जहां मां ताप्ती के दर्शन एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद पवित्र ताप्ती जल से कलश भरे गए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने मां ताप्ती की परिक्रमा कर भगवान भोलेनाथ के जयघोष के बीच शिवधाम सालबर्डी के लिए प्रस्थान किया।

कावड़ यात्रा के शुभारंभ अवसर पर ताप्ती परिक्रमा मार्ग में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रह्लाद परमार पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गडेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहु तथा भाजपा नेता आदित्य शुक्ला ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन कर यात्रा को रवाना किया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के हाथों में डमरू गूंजते रहे और “हर-हर महादेव” तथा “बोल बम” के जयघोष से पूरी पवित्र नगरी भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गई। कंधों पर कावड़ लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं।

मां ताप्ती की परिक्रमा पूर्ण करने के बाद कावड़ यात्रा फव्वारा चौक, जय स्तंभ चौक, थाना मार्ग होते हुए मासोद मार्ग से सालबर्डी धाम की ओर रवाना हुई। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा श्रद्धालुओं ने कावड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

यात्रा के प्रथम दिवस कावड़ यात्रियों का रात्रि विश्राम ग्राम आष्टा में होगा। इसके बाद 8 अगस्त की सुबह पूजन-अर्चन कर यात्रा पुनः सालबर्डी की ओर प्रस्थान करेगी। वहीं 10 अगस्त (सोमवार) को श्रद्धालु शिवधाम सालबर्डी स्थित प्राचीन शिव गुफा में पहुंचकर मां ताप्ती के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।

श्रावण मास में आयोजित यह सर्व मंगल कावड़ यात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक मानी जाती है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here