विद्युत पोल गिरने से भैंस की मौत, किसान बाल-बाल बचा;

0

बिजली लाइन की गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल,लीलाझर में हादसे से 95 हजार रुपये का नुकसान, ग्रामीणों ने जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठाई मांग,

मुलताई। एक ओर विद्युत विभाग बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर मुलताई क्षेत्र में जर्जर और लापरवाहीपूर्ण विद्युत व्यवस्था के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में बिरूल क्षेत्र में बिजली का पोल एक मकान पर गिरने से मवेशियों की मौत का मामला सामने आया था।

अब इसी तरह की एक और घटना दुनावा मार्ग स्थित ग्राम लीलाझर में हुई, जहां बुधवार सुबह बिजली का खंभा अचानक गिरने से एक भैंस की करंट लगने से मौत हो गई। इस हादसे में किसान भी बाल-बाल बच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लीलाझर निवासी कारू कौशिक अपनी भैंस को खेत के पास चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली का खंभा तारों सहित नीचे गिर गया।

खंभा गिरते ही बिजली के तार जमीन पर फैल गए और पास में चर रही भैंस उनकी चपेट में आ गई। करंट लगने से भैंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उस समय किसान भी वहीं मौजूद था, लेकिन वह किसी तरह बिजली के तारों की चपेट में आने से बच गया। यदि किसान भी करंट की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

किसान कारू कौशिक ने बताया कि मृत भैंस की कीमत लगभग 95 हजार रुपये थी। इस दुर्घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है और उन्होंने बिजली विभाग से उचित मुआवजा देने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। गौरतलब है कि मुलताई क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान स्थापित की गई विद्युत लाइनों और पोलों की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। बिजली के खंभे गिरने की यह पहली घटना नहीं है।

इससे पहले भी कई स्थानों पर ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में न तो गंभीर जांच हुई और न ही निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों अथवा विद्युत लाइन की देखरेख के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत पोलों और लाइनों की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक सुधार नहीं किए गए, तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने बिजली विभाग से गिरे हुए खंभे और तारों को तत्काल दुरुस्त करने, पूरे क्षेत्र की विद्युत लाइनों का सुरक्षा परीक्षण कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here