नशे से दूर, भविष्य की ओर! विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ,

0

मुलताई। नगर के सनराइज स्कूल में नशा मुक्त जागरूकता एवं प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के चिकित्सा प्रभाग के सहयोग से संचालित ‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ और व्यसनमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की प्रतिनिधि स्वाति दीदी एवं उर्मिला दीदी ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है।

वक्ताओं ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति सामाजिक मूल्यों को कमजोर करती है और कई बार अपराध तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का कारण बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की ओर से संबोधित करते हुए एडॉन ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसका प्रभावी ढंग से मुकाबला सामाजिक स्तर के साथ-साथ विद्यालय स्तर पर जागरूकता के माध्यम से किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कम उम्र से ही नशे के नुकसान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ, मूल्य आधारित एवं व्यसनमुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संस्था संचालक अरुण यादव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश के भविष्य की आधारशिला है।

यदि विद्यार्थी नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक सोच, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं, तो वे अपने परिवार और समाज के साथ-साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त जीवन जीने तथा विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे के प्रति जागरूक करने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच नशामुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण के निर्माण का संदेश देना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here