ताप्ती श्री क्षेत्र का किया विस्तृत निरीक्षण, साफ-सफाई, पार्किंग, परिक्रमा मार्ग, स्लूज गेट और मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा; अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश,
मुलताई। आगामी ताप्ती जन्मोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बैतूल के जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ताप्ती श्री क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, एसडीएम राजीव कहार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ ताप्ती जन्मोत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विकास एवं व्यवस्थागत कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने ताप्ती उद्गम स्थल स्थित मुख्य कुंड सहित अन्य पवित्र कुंडों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कुंडों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पूरे परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने तथा प्रत्येक कुंड पर उसके धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी अंकित स्टोन स्मृति-चिन्ह स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके बाद उन्होंने ताप्ती मंदिर परिसर तथा उद्गम स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क एवं पहुंच मार्ग की मरम्मत, समतलीकरण और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्लूज गेट का भी अवलोकन कर उसकी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ताप्ती जन्मोत्सव के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु रहना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित करने तथा आवारा पशुओं के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के सुरक्षित एवं सुगमता से परिक्रमा कर सकें।

जिला कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित करने, पार्किंग व्यवस्था वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करने तथा यातायात प्रबंधन की समुचित योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परिक्रमा मार्ग का आकर्षक एवं व्यवस्थित डिजाइन तैयार कर चरणबद्ध तरीके से उसके विकास की कार्ययोजना बनाने को भी कहा।
निरीक्षण के समापन पर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताप्ती जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैरिकेडिंग तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी, ताकि ताप्ती जन्मोत्सव का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं यादगार बन सके।



