SAFE CLICK–2.0 अभियान में बैतूल पुलिस को राज्य स्तरीय सम्मान, पुलिस अधीक्षक ने मीडिया का जताया आभार,

0

बैतूल, 9 जुलाई। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी “SAFE CLICK–2.0” साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर जिला पुलिस बैतूल को राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भोपाल स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय समापन समारोह में प्रदान किया गया।अभियान के दौरान जनजागरूकता, जनसहभागिता, रचनात्मक गतिविधियों तथा प्रभावी सोशल मीडिया संचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए जिला पुलिस बैतूल को “उत्कृष्ट प्रदर्शन” श्रेणी में प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।

समापन समारोह में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) साई मनोहर एवं पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने साइबर अपराधों की रोकथाम में जनजागरूकता, समय पर शिकायत दर्ज कराने तथा सामुदायिक सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

सम्मान ग्रहण करने के लिए पुलिस अधीक्षक विरेंद्र जैन को आमंत्रित किया गया था, लेकिन अपरिहार्य प्रशासनिक कारणों से उनके उपस्थित नहीं हो पाने पर जिला पुलिस बैतूल का प्रतिनिधित्व डीएसपी (अजाक) शैफा हाशमी एवं साइबर सेल के आरक्षक दीपेंद्र सिंह ने किया। दोनों अधिकारियों ने जिला पुलिस की ओर से प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्राप्त किया। पुलिस अधीक्षक विरेंद्र जैन के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, बैंकों, शासकीय कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा विभिन्न संस्थानों में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के अंतर्गत Cyber Safety Walk, साइबर क्विज, साइबर सुरक्षा शपथ, साइबर प्रदर्शनी, जनसंवाद, जागरूकता रैलियों तथा विभिन्न नवाचारों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं साइबर अपराधों से बचाव का संदेश प्रभावी ढंग से पहुँचाया गया।

पुलिस अधीक्षक विरेंद्र जैन ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता और मीडिया के सकारात्मक सहयोग से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिकाधिक लोगों तक पहुँच सका, जिसके परिणामस्वरूप बैतूल जिले को यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ।

—————————————————————————-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here