पार्षद निर्मला उबनारे के प्रयासों से मिली वार्डवासियों को राहत, महिलाओं ने मिठाई खिलाकर जताया आभार
मुलताई। ताप्ती वार्ड की महिला पार्षद निर्मला उबनारे द्वारा लंबे समय से किए जा रहे संघर्ष का आखिरकार सकारात्मक परिणाम सामने आ गया। नगर पालिका द्वारा ताप्ती वार्ड में ताप्ती जलमार्ग के समीप लगभग 150 मीटर सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण कार्य सोमवार से प्रारंभ कर दिया गया। सड़क निर्माण शुरू होने से वार्डवासियों में खुशी का माहौल है। वार्ड के निवासियों के लिए सोमवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया।
वर्षों से जर्जर और बदहाल स्थिति में पड़ी इस सड़क के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश शुरू होते ही सड़क पर गड्ढे और कीचड़ भर जाते थे, जिससे राहगीरों तथा स्थानीय निवासियों का आवागमन बेहद कठिन हो जाता था। बताया जाता है कि सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिले लगभग एक वर्ष बीत चुका था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।

इससे नाराज वार्ड पार्षद निर्मला उबनारे लगातार सड़क निर्माण की मांग उठा रही थीं। उन्होंने मुलताई में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर से भी इसकी शिकायत की थी। हालांकि शिकायत के बाद भी ठेकेदार द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने पर पार्षद ने वार्ड की महिलाओं के साथ नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के कक्ष में धरना दिया था।

धरने के दौरान पार्षद निर्मला उबनारे और नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र तिवारी के बीच तीखी बहस भी हुई थी। नगर पालिका कार्यालय में सुबह से शाम तक चले इस हाई-वोल्टेज घटनाक्रम के बाद सड़क निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ी और अंततः सोमवार को निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर पार्षद निर्मला उबनारे ने वार्डवासियों के साथ विधिवत पूजन किया।

इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित शिवहरे, रितेश शर्मा, आशीष सोनी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। वार्ड की महिलाओं ने पार्षद को मिठाई खिलाकर उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी जाहिर की। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने के बाद आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और विशेष रूप से बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।



