राष्ट्रीय छात्र संसद में योगी देशमुख का चयन, ताप्ती कॉरिडोर का उठाएंगे मुद्दा,

0

मुलताई।  जे.एच. कॉलेज के होनहार विद्यार्थी योगी रमेश देशमुख का चयन देश की प्रतिष्ठित ‘तूर्यनाद’ राष्ट्रीय छात्र संसद के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन का आयोजन 12 सितंबर को एनआईटी, भोपाल में किया जाएगा। छात्र संसद में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित विद्यार्थी सहभागिता करेंगे और अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, सामाजिक सरोकारों तथा विकास संबंधी मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महामहिम राज्यपाल के उपस्थित रहने की जानकारी दी गई है।

राष्ट्रीय छात्र संसद में मुलताई निवासी योगी रमेश देशमुख मुलताई स्थित मां ताप्ती मंदिर के जीर्णोद्धार एवं ताप्ती कॉरिडोर के विकास के विषय को प्रमुखता से उठाएंगे। इसके माध्यम से वे मुलताई को धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने तथा क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का प्रयास करेंगे।

इसके अलावा योगी देशमुख मुलताई रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाने, नगर की प्रमुख सड़क के विस्तार एवं यातायात व्यवस्था में सुधार जैसे स्थानीय मुद्दों को भी छात्र संसद के मंच से उठाएंगे। वहीं जनजातीय क्षेत्र भीमपुर-चिचोली में जल व्यवस्था सहित क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को भी सदन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने की तैयारी है।

योगी रमेश देशमुख इससे पूर्व भी अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। उनका चयन मध्यप्रदेश विधानसभा में भाषण प्रस्तुत करने के लिए भी हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य स्तर पर नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति का संदेश देते हुए युवाओं को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया है। सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रिय भागीदारी और प्रभावी वक्तृत्व क्षमता के चलते उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बात रखने का अवसर मिला है।

राष्ट्रीय छात्र संसद के लिए योगी देशमुख का चयन न केवल उनके व्यक्तिगत शैक्षणिक एवं सामाजिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि जे.एच. कॉलेज, मुलताई सहित पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। उनके चयन से कॉलेज के विद्यार्थियों में भी उत्साह का माहौल है।

कॉलेज प्राचार्य मीनाक्षी चौबे ने योगी रमेश देशमुख के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने योगी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, निरंतर सफलता तथा व्यक्तित्व के उत्तरोत्तर विकास की कामना की। प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां न केवल संबंधित विद्यार्थी के लिए गौरव का विषय होती हैं, बल्कि इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर जनहित के विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here