शिक्षा सत्र शुरू, लेकिन शिक्षक नहीं: मुलताई के स्कूलो को 166 अतिथि शिक्षकों का इंतजार,

0

मुलताई। प्रदेश सरकार शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं इन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। इसका ताजा उदाहरण शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया है। नया शिक्षा सत्र 16 जून से प्रारंभ हो चुका है, जबकि अतिथि शिक्षकों की ऑनलाइन नियुक्ति प्रक्रिया 30 जून से शुरू की गई। ऐसे में मुलताई विकासखंड के विद्यालयों में लगभग 166 शैक्षणिक पद लंबे समय तक रिक्त रहेंगे और विद्यार्थियों को शिक्षकों की कमी का सामना करना पड़ेगा। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े जानकारों का कहना है कि वर्तमान में केवल शैक्षणिक अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हुई है। वहीं डांस, संगीत, कंप्यूटर और खेल जैसे विषयों के गैर-शैक्षणिक अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया अब तक प्रारंभ नहीं हुई है। ऐसे में इन विषयों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की आशंका है।

विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने संदीपनि विद्यालय परियोजना प्रारंभ की थी। मुलताई संदीपनि विद्यालय में गत वर्ष 10 अतिथि शिक्षक कार्यरत थे, लेकिन नए सत्र में अब तक उनकी नियुक्ति नहीं हो सकी है। इसके अलावा दो गैर-शैक्षणिक अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति भी लंबित है। इस वर्ष की स्थानांतरण नीति के तहत संदीपनि विद्यालय से चार शिक्षकों का स्थानांतरण हो चुका है।

उनके स्थान पर किन शिक्षकों की पदस्थापना होगी, इसकी जानकारी भी अभी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति केवल इस वर्ष की नहीं है। लगभग हर वर्ष शिक्षा सत्र शुरू होने के कई सप्ताह बाद तक अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया चलती रहती है, जिसका सीधा असर शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ता है।

जानकारों का मानना है कि अब अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो चुकी है, इसलिए इसे ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान ही पूरा किया जा सकता था। पिछला शैक्षणिक सत्र 30 मार्च को समाप्त हुआ था तथा इसके बाद लगभग डेढ़ माह का अवकाश रहा। यदि इसी अवधि में ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर ली जाती तो नए सत्र के पहले दिन से ही अतिथि शिक्षक विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे सकते थे।

मध्यप्रदेश शिक्षा विभाग के एजुकेशन पोर्टल 3.0 के माध्यम से 30 जून से ऑनलाइन अतिथि शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। विभागीय निर्देशों के अनुसार पूर्व में कार्य कर चुके अतिथि शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विद्यालय प्रभारियों द्वारा चयनित अतिथि शिक्षकों को कार्यभार सौंपा जाएगा। साथ ही शाला प्रभारियों को केवल रिक्त पदों का प्रमाणीकरण करने के बजाय वास्तविक आवश्यकता के अनुसार रिक्तियों की प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए हैं।

अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ है पूर्व से कार्यरत अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया 8 जुलाई तक पूर्ण कर ली जाएगी, इसके अलावा नवीन रिक्त पदों की जॉइनिंग आगामी 14 जुलाई तक होगी। -सुश्री पूनम बरकड़े नवागत जिला शिक्षा अधिकारी बैतूल

“इस वर्ष अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में बहुत अधिक विलंब नहीं हुआ है। स्थानांतरण प्रक्रिया भी देरी का एक कारण रही। यदि पहले अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति कर दी जाती, तो बाद में स्थानांतरण से रिक्त हुए पदों को भरने में और अधिक समय लगता।”
— सक्षम बारमाटे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मुलताई

“पिछले वर्ष संदीपनि विद्यालय में 10 अतिथि शिक्षक कार्यरत थे। इस वर्ष चार नियमित शिक्षकों का स्थानांतरण हुआ है। दो गैर-शैक्षणिक अतिथि शिक्षक भी रखे गए थे। फिलहाल रिक्त पदों पर उपलब्ध शिक्षकों को अतिरिक्त जिम्मेदारी देकर शिक्षण कार्य संचालित कराया जा रहा है।”
— संदीप गणेश, प्राचार्य, संदीपनि विद्यालय, मुलताई


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here