आपसी सहमति से सुलझा गुरु नानक ट्रस्ट भूमि पर बिजली के खंभे लगाने का विवाद,

0

मुलताई। नगर के इंदिरा गांधी वार्ड स्थित श्री गुरु नानक दरबार ट्रस्ट की भूमि पर बिजली के खंभे लगाने को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहा विवाद गुरुवार को आपसी सहमति से समाप्त हो गया। नगर पालिका, विद्युत विभाग, ट्रस्ट पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच हुई चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि ट्रस्ट के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने कोई भी विद्युत पोल नहीं लगाया जाएगा। इसके स्थान पर पहला खंभा ट्रस्ट की भूमि से लगभग 10 फीट आगे तथा दूसरा खंभा भूमि के पिछले हिस्से के समीप स्थापित किया जाएगा।


गौरतलब है कि इंदिरा गांधी वार्ड में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए नगर पालिका एवं विद्युत विभाग द्वारा ट्रस्ट भूमि के मुख्य द्वार के दोनों ओर बिजली के खंभे लगाने के उद्देश्य से गड्ढे खोदे गए थे। इस पर ट्रस्ट प्रबंधन ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा था कि बिना पूर्व अनुमति ट्रस्ट की भूमि पर कार्य किया गया है, जिससे भविष्य में प्रस्तावित जनहित के कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

इसी संबंध में ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी एवं अध्यक्ष डॉ. हरप्रीत कौर खुराना तथा ट्रस्टी अर्पित खुराना ने जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने संबंधित कार्य को तत्काल रोकने के निर्देश दिए थे।

इसके बावजूद गुरुवार को नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी पुनः खंभों के लिए गड्ढे खोदने पहुंचे, जिस पर ट्रस्ट पदाधिकारियों, स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई। कुछ समय तक हल्की नोकझोंक की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में सभी पक्षों ने आपसी चर्चा के माध्यम से समाधान निकालने का निर्णय लिया। बाद मे नगर पालिका पार्षद जी. ए. बारस्कर, ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी एवं अध्यक्ष डॉ. हरप्रीत कौर खुराना, रवि सरदार, विजय खन्ना सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी की सहमति से ऐसा स्थान निर्धारित किया गया, जिससे ट्रस्ट की भूमि सुरक्षित रहे और स्ट्रीट लाइट परियोजना भी प्रभावित न हो।

ट्रस्ट प्रबंधन का कहना है कि संबंधित भूमि पर भविष्य में अस्पताल सहित अन्य जनहित के कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अलावा इसी परिसर में सिख समाज का पवित्र निशान साहिब भी स्थापित है। ऐसे में मुख्य प्रवेश मार्ग के दोनों ओर बिजली के खंभे लगाए जाने से भविष्य में निर्माण कार्यों के साथ-साथ श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को भी असुविधा हो सकती थी। आपसी सहमति से निकले इस समाधान के बाद अब स्ट्रीट लाइट का कार्य भी सुचारु रूप से आगे बढ़ सकेगा और ट्रस्ट की भूमि भी भविष्य के जनहित कार्यों के लिए सुरक्षित रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here