, ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल,पूर्व विधायक के प्रयासों से बनी करीब 35 लाख रुपये की खेल एवं व्यायाम सुविधाएं क्षतिग्रस्त; कांग्रेस पार्षदों ने दोषियों पर कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की,
मुलताई। नगर के हाई स्कूल मैदान में स्थित ओपन जिम एवं बास्केटबॉल कोर्ट को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अंजलि सुमित शिवहरे, निर्मला उबनारे कांग्रेस पार्षदों ने संदीपनी विद्यालय के हॉस्टल निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लाखों रुपये की सार्वजनिक संपत्ति नष्ट करने का आरोप लगाया है।
पार्षदों ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। महिला पार्षदों का कहना है कि, हाई स्कूल मैदान में पूर्व विधायक सुखदेव पांसे के प्रयासों से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित ओपन जिम को हॉस्टल निर्माण कार्य के नाम पर उखाड़कर एक ओर फेंक दिया गया। इस दौरान जिम के कई उपकरण टूट गए और क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सावधानी बरती जाती तो इन उपकरणों को सुरक्षित रूप से किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता था।
मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस पार्षद अंजलि सुमित शिवहरे एवं निर्मला उबनारे मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ओपन जिम की दुर्दशा पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर स्थापित किया गया था। प्रतिदिन सुबह-शाम बड़ी संख्या में युवक-युवतियां, विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक एवं महिलाएं यहां व्यायाम करने पहुंचते थे।

इस सुविधा के नष्ट होने से नागरिकों में भारी निराशा है। पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी पूर्व विधायक सुखदेव पांसे के प्रयासों से वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के सहयोग से लगभग 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट को भी निर्माण कार्य के दौरान उखाड़ दिया गया था। उनका कहना है कि कोर्ट के साथ लगे बास्केटबॉल पोल भी हटाकर फेंक दिए गए, जिनमें से एक पोल क्षतिग्रस्त हो गया। वर्तमान में उस आधुनिक खेल सुविधा के अवशेष तक ढूंढ़ना मुश्किल हो गया है।

पार्षदों ने कहा कि एक ओर सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं के लिए नई खेल सुविधाएं विकसित करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर पहले से उपलब्ध सार्वजनिक सुविधाओं को ही नष्ट किया जा रहा है। बिना उचित योजना के करीब 35 लाख रुपये की खेल एवं व्यायाम सामग्री को नुकसान पहुंचाना गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने मांग की कि इस नुकसान की भरपाई संबंधित ठेकेदार से कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त उपकरणों की मरम्मत कर उन्हें शीघ्र किसी उपयुक्त स्थान पर पुनः स्थापित किया जाए।
इनका कहना
“ओपन जिम के उपकरण उखाड़े जाने की जानकारी मिली है। सामग्री हटाने के दौरान कुछ उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं। सोमवार को संदीपनी विद्यालय के ठेकेदार को नगर पालिका की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। क्षतिग्रस्त सामग्री के संबंध में नियमानुसार ठोस कार्रवाई की जाएगी।”
— महेश शर्मा, उपयंत्री, नगर पालिका मुलताई


