मुलताई, ।नगर पालिका परिषद मुलताई की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विकास एवं सांस्कृतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 20 जुलाई को ताप्ती जन्मोत्सव पारंपरिक उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा यहां उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई को जिला कलेक्टर बैतूल द्वारा शासकीय अवकाश घोषित किया गया है
इसके लिए 12 लाख रुपये का बजट भी अनुमोदित किया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर ताप्ती सरोवर एवं घाटों को आकर्षक स्वरूप प्रदान करने हेतु व्यापक तैयारियां की जाएंगी। घाटों की पुताई कर उन्हें स्वच्छ एवं सुसज्जित बनाया जाएगा, वहीं सरोवर परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा (लाइटिंग) की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय वातावरण में जगमगा उठेगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें भव्य झांकियां निकाली जाएंगी, जो नगर की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाएंगी और नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में एक प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया, जिसे सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इसके अतिरिक्त, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गडेकर ने सरोवर क्षेत्र में हो रही मछली चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार, पूर्व अध्यक्ष वर्षा गडेकर, जी.एस. बारस्कर, शिल्पा शर्मा, महेंद्र जैन, एल्डरमैन निलेश चांवरिया, राजू चौबे तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर के समग्र विकास एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
—

