वार्डों से अनुपस्थित मिले डॉक्टर, एक दिन का वेतन काटने और नोटिस जारी करने के निर्देश, सफाई व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी, नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश,
बैतूल। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकीय सेवाओं, साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से अवलोकन किया।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अस्पताल की ओपीडी, जनरल वार्ड, डायलिसिस यूनिट, पीआईसीयू, आईसीयू, एसएनसीयू, मेटरनिटी वार्ड, पीएनसी वार्ड, एएनसी वार्ड तथा आर्थोपेडिक वार्ड सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आर्थोपेडिक वार्ड को छोड़कर अन्य अधिकांश वार्डों में प्रभारी चिकित्सक अपने निर्धारित स्थानों पर अनुपस्थित पाए गए। इस लापरवाही पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए 14 प्रभारी चिकित्सकों का एक दिन का वेतन काटने तथा सभी संबंधित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान लेबर वार्ड की दो स्टाफ नर्सों एवं सोनोग्राफी वार्ड के एक असिस्टेंट द्वारा गलत जानकारी दिए जाने का मामला भी सामने आया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा भविष्य में सही एवं पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए चेतावनी दी।

अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी कलेक्टर ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे एवं आरएमओ रानू वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

