प्रकाश सूर्यवंशी दुनावा
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: दुनावा शिविर में समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान, कलेक्टर ने स्कूल का किया निरीक्षण; रक्तदान शिविर में जुटीं 49 यूनिट रक्त,10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उठाया लाभ, चिखलीकला स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने के दिए निर्देश, भूतपूर्व सैनिक श्याम शिवहरे ने 50वीं बार रक्तदान कर पेश की मिसाल,
मुलताई। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को मुलताई विकासखंड के दुनावा क्लस्टर में बहु-विभागीय जन-समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दुनावा, सोनेगांव, मायावाड़ी, सिपावा, भैसादंड, सर्रई, घाट पिपरिया, कपासिया, रीधोरा एवं लेंदागोंदी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय विभाग, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत विभाग, वन विभाग, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन, खाद्य एवं पशु चिकित्सा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
कार्यक्रम में विधायक चंद्रशेखर देशमुख, एसडीएम राजीव कहार, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश रघुवंशी, जिला पंचायत सदस्य कंचन महेंद्र कास्लेकर, जनपद सदस्य बबीता हीरेंद्र उपराले, दुनावा मंडल अध्यक्ष अमित ढोले, राकेश बिहारे, सुनील कास्लेकर, कोमल सिंह रघुवंशी, मोहन सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के आयुक्त भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

चिखलीकला स्कूल का निरीक्षण, बच्चों से पूछा पहाड़ा और चखा मिड-डे मील,
शिविर के बाद कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम चिखलीकला स्थित शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से गुणा-भाग और पहाड़े पूछकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का आकलन किया तथा पढ़ाई, रुचियों और प्रतिभाओं पर आत्मीय संवाद किया। शिक्षकों से ओलंपियाड, जेईई, नीट एवं एनएमएमएस (राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा) की तैयारी की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर जोर दिया।

उन्होंने विद्यालय में स्मार्ट टीवी, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, डेस्क, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाउंड्री वॉल निर्माण से पहले सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता का भी स्वयं भोजन चखकर परीक्षण किया। भोजन संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों की सराहना करते हुए गुणवत्ता निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, 49 यूनिट रक्त संग्रहित,
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें मुलताई, दुनावा, रीधोरा, बरखेड़, महतपुर तथा आसपास के गांवों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग बरखेड़ा-दुनावा के पांच कर्मचारियों ने भी रक्तदान किया।

शिविर में कुल 49 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम की सबसे प्रेरणादायक उपलब्धि रीधोरा निवासी भूतपूर्व सैनिक श्याम शिवहरे रहे, जिन्होंने 50वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के सामने मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस योगदान की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित यह शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान, शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

