रिस्क अलाउंस और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने उठाई आवाज, मुलताई में हुआ संगठनात्मक कार्यक्रम
मुलताई। पुण्य सलिला मां ताप्ती की पावन नगरी मुलताई में सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ की शाखा मुलताई द्वारा संगठनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वाजपेयी, महामंत्री एके दुबे, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह एवं मंडल सचिव राकेश कुमार प्रमुख रूप से शामिल हुए। मुलताई पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वाजपेयी ने रेलवे कर्मचारियों के हितों और उनकी सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सेना के जवानों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलता है, उसी तर्ज पर रेलवे कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाना चाहिए। रेलवे कर्मचारी भी चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनके और उनके परिवारों के भविष्य की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।

डॉ. वाजपेयी ने कहा कि संगठन रेलवे कर्मचारियों के अधिकारों और सुविधाओं को लेकर लगातार आवाज उठा रहा है। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने के साथ ही रिस्क अलाउंस (जोखिम भत्ता) तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी संगठन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके निराकरण के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों के हितों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान मुलताई शाखा के अध्यक्ष विजय कुमार पानकर, कार्यकारी अध्यक्ष एके दास, सचिव वीके निरंजन, कोषाध्यक्ष आकाश राजपूत, उपाध्यक्ष दीपक बारंगे, विजय पाठेकर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के अधिकारों और मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

