इंदिरा गांधी और सरदार पटेल ने देश की एकता-अखंडता के लिए किया सर्वोच्च बलिदान : अरुण यादव

0

मुलताई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुलताई के तत्वावधान में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी का शहीद दिवस तथा देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया तथा देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के साथ सशक्त भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि कांग्रेसजनों को गर्व है कि वे ऐसी महान राजनीतिक विरासत के वाहक हैं, जिसने देश की आजादी से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जैसे महान नेताओं ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सर्वोपरि रखते हुए अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती रही रियासतों के एकीकरण का ऐतिहासिक कार्य किया। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता के बल पर उन्होंने सैकड़ों रियासतों को भारतीय संघ में शामिल कर देश की एकता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। इसी अदम्य इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।

अरुण यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने कठिन परिस्थितियों में देश का नेतृत्व करते हुए कई ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति को प्रोत्साहन और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में उनके प्रयासों ने देश की अर्थव्यवस्था और खाद्यान्न उत्पादन को नई दिशा दी। उन्होंने देश को आत्मनिर्भर बनाने तथा विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके कार्यकाल में भारत ने परमाणु शक्ति के क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। वर्ष 1971 के युद्ध में उनके नेतृत्व ने देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान बनाया।

उन्होंने आगे कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। वहीं सरदार पटेल का राष्ट्र निर्माण में योगदान हमें आपसी एकता, संगठन और मजबूत नेतृत्व का संदेश देता है। आज आवश्यकता है कि हम इन महान नेताओं के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में भाईचारे, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करें। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस महासचिव किशोर सिंह परिहार, युवक कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव, यशवंत बोड़खे, नारायण ठाकुर, जनपद सदस्य युवराज भीकोंडे, जीवन डोंगरदिए, डॉ. प्रकाश डोंगरे, दिनेश कवड़कर, विष्णु कंसारे, वरुण सिंह रघुवंशी, सुखदेव नरवरे, हितेश वानखेड़े, घोरसे बाबू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here