न्यायालय परिसर में फर्जी अधिवक्ताओं की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग,

0

मुलताई। अधिवक्ता संघ मुलताई ने न्यायालय परिसर में कथित रूप से सक्रिय फर्जी अधिवक्ताओं, अनधिकृत मुंशियों एवं टाइपिस्टों की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम एक ज्ञापन प्रभारी अधिकारी एवं प्रथम अपर जिला न्यायाधीश मुलताई को सौंपा। ज्ञापन में न्यायालय परिसर की व्यवस्था बनाए रखने तथा पक्षकारों के हितों की सुरक्षा के लिए शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।

अधिवक्ता संघ ने अपने ज्ञापन में बताया कि पिछले लगभग दो माह से यह देखने में आ रहा है कि कुछ मुंशी, टाइपिस्ट तथा अन्य बाहरी व्यक्ति अधिवक्ता का गणवेश पहनकर न्यायालय परिसर में पक्षकारों से संपर्क कर स्वयं को अधिवक्ता के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं तथा कथित रूप से अनैतिक एवं अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। इस संबंध में अधिवक्ता संघ को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिससे न्यायालय की गरिमा प्रभावित होने के साथ-साथ पक्षकारों के हित भी प्रभावित हो रहे हैं। संघ ने मांग की है कि न्यायालय परिसर में अवैधानिक रूप से कार्य कर रहे व्यक्तियों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

साथ ही ऐसे विधि स्नातक छात्र-छात्राएं, जो बिना विधिवत पात्रता एवं अनुमति के अधिवक्ता का गणवेश पहनकर कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं, उनके विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि फर्जी अधिवक्ताओं, अनधिकृत मुंशियों, टाइपिस्टों एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा न्यायालय परिसर में टाइपिंग कार्य करने वाले टाइपिस्टों को जिला न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त होने के बाद ही निर्धारित स्थान पर कार्य करने की अनुमति प्रदान की जाए, जिससे न्यायालय परिसर में अनुशासन एवं व्यवस्था बनी रहे। अधिवक्ता संघ ने आशा व्यक्त की है कि न्यायालय प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे न्यायालय परिसर की गरिमा एवं न्यायिक व्यवस्था की पवित्रता बनी रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में की सी एस चंदेल, प्रवीण माने, धनराज धोटे, भोजराज सिंह रघुवंशी, रूपलाल पाटेकर, प्रमोद कोसे, शंकर राव बंजारे, भीमराव उपराले, भारत भूषण चौधरी आदि प्रमुख है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here