विधायक देशमुख ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,एसडीओपी कार्यालय एवं उप जेल परिसर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाए पौधे, विधायक ने एसडीओपी कार्यालय में ओपन जिम की घोषणा की,
मुलताई। प्रधानमंत्री के आह्वान पर संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को पवित्र नगरी मुलताई में एसडीओपी कार्यालय एवं उप जेल परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक चंद्रशेखर देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार, प्रशासनिक अधिकारियों तथा भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि अमृत हरित महाअभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक चंद्रशेखर देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार, भाजपा जिला मंत्री वर्षा गढ़ेकर, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष चंद्रशेखर चंदेल, एसडीएम राजीव कहार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी तथा जेलर दिनेश डांगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि लगातार घटती हरियाली के कारण वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा बढ़ रही है, जबकि ऑक्सीजन का स्तर प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक देशमुख ने एसडीओपी कार्यालय परिसर में ओपन जिम की स्थापना की घोषणा भी की। इसके बाद उन्होंने उप जेल परिसर में भी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण कर अभियान को गति प्रदान की।

पौधारोपण कार्यक्रम में नगर पालिका सभापति महेंद्र जैन, सुरेश पौनीकर, विजय शुक्ला, पार्षद अजय यादव, सुकांत बनर्जी, एल्डरमैन निलेश चावरिया, बीना पंजाबी, भाजपा नगर मंडल महामंत्री राघवेंद्र रघुवंशी, प्रहलाद सिंह परमार, सुधा परमार, ज्योति साहू, गोरी सूर्यवंशी, शेफाली पालीवाल, यवनींद जैन, संजय सोनी, अभिषेक खंडेलवाल, रामदास साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।



——————————————————————-

