मुलताई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब बेचते तीन आरोपी गिरफ्तार,

0

मुलताई। अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मुलताई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब बेचते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.24 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 11,340 रुपये बताई गई है।

मुलताई पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कस्बा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमें गठित कर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी, जिसमें तीनों आरोपियों को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान राजेन्द्र पिता धनराज शिवहरे, निवासी पटेल वार्ड, मुलताई के कब्जे से 17 पाव देशी शराब (अनुमानित कीमत 1,480 रुपये) बरामद की गई। इसी प्रकार देवेन्द्र पिता भंगुसिंह परमार, निवासी तिलक वार्ड, मुलताई के कब्जे से 15 पाव देशी प्लेन मदिरा (अनुमानित कीमत 1,200 रुपये) जब्त की गई।

वहीं मनीष पिता श्रीराम पवार, निवासी पटेल वार्ड, मुलताई के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन, 40 पाव देशी मसाला एवं 6 पाव ओसी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 8,660 रुपये है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 118 पाव (21.24 लीटर) अवैध शराब जब्त की, जिसका कुल बाजार मूल्य 11,340 रुपये आंका गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों से शराब रखने एवं बेचने संबंधी वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद थाना मुलताई में तीनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

हालांकि पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है, लेकिन इस कार्रवाई के बावजूद अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई आरोपी पहले भी इसी तरह के मामलों में पकड़े जा चुके हैं, लेकिन आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई के बाद फिर से इस अवैध धंधे में सक्रिय हो जाते हैं।

सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने मांग की है कि जिन व्यक्तियों के विरुद्ध एक वर्ष में दो या उससे अधिक बार अवैध शराब बिक्री के मामले दर्ज हों, उनके खिलाफ जिला बदर जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका मानना है कि इससे पवित्र नगरी मुलताई में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सुशील धुर्वे, आरक्षक अरविन्द, प्रिंस, नरेन्द्र कुशवाह, विवेक, सेवाराम एवं राजा वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here