पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर दबोचे आरोपी, ₹1.38 लाख के दो महंगे मोबाइल बरामद; साप्ताहिक बाजारों में सक्रिय बड़े गिरोह के खुलासे की उम्मीद,
मुलताई। नगर के साप्ताहिक मंगलवारा बाजार में मोबाइल झपटमारी की बढ़ती घटनाओं के बीच मुलताई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में पुलिस ने बाजार में राह चलते लोगों के मोबाइल झपटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹1.38 लाख कीमत के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से मुलताई सहित आसपास के साप्ताहिक बाजारों में सक्रिय अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले कुछ शातिर गिरोह पिछले कई वर्षों से मुलताई के साप्ताहिक बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी और झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। हर वर्ष दर्जनों लोग इन गिरोहों का शिकार होते हैं। हालांकि कई पीड़ित थाने तक शिकायत लेकर नहीं पहुंचते, जबकि कुछ मामलों में केवल आवेदन दिए जाते हैं। ऐसे में इस गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

थाना पुलिस के अनुसार फरियादी योगेश साहू (44 वर्ष), निवासी बंगाली कॉलोनी, मुलताई अपने मित्र राजू जैन के साथ मंगलवारा बाजार में सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक उनके पास आए और भीड़ का फायदा उठाते हुए योगेश साहू की शर्ट की जेब से रेडमी 5G मोबाइल (कीमत ₹18 हजार) तथा उनके मित्र का सैमसंग गैलेक्सी S-24 अल्ट्रा मोबाइल (कीमत ₹1.20 लाख) झपटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 569/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिली सफलता,
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने बाजार क्षेत्र से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल झपटमारी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने इस मामले में प्रमोद पिता मुकेश राजपूत (24 वर्ष), जाति पारधी, निवासी ग्राम मसखापर, थाना काटोल, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया है। उसके साथ एक अपचारी बालक, निवासी ग्राम मसखापर, थाना काटोल, जिला नागपुर, को भी अभिरक्षा में लिया गया।

₹1.38 लाख के मोबाइल बरामद,
आरोपियों के कब्जे से झपटे गए दोनों मोबाइल फोन—रेडमी 5G तथा सैमसंग गैलेक्सी S-24 अल्ट्रा—कुल ₹1,38,000 कीमत के बरामद कर विधिवत जप्त किए गए। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। संभावना जताई जा रही है कि इनके माध्यम से साप्ताहिक बाजारों में सक्रिय अन्य मोबाइल चोर गिरोहों का भी पर्दाफाश हो सकता है।
पुलिस इस दिशा में आगे की जांच कर रही है। पूरे अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक श्रीराम मांडवी, प्रधान आरक्षक सोनू ठाकुर, आरक्षक अरविंद पटेल, विवेक चौरे, प्रिंस, सोवाराम तथा नरेन्द्र कुशवाह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की गई है।



