चलते आयशर ट्रक में भड़की आग, फायर टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा,

0

उमनपेठ में तड़के हुई घटना, डीजल टैंक तक आग पहुंचने से पहले पाया गया नियंत्रण

साईंखेड़ा। थाना साईंखेड़ा क्षेत्र के ग्राम उमनपेठ में गुरुवार तड़के एक चलते आयशर ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने और तत्परता से किए गए राहत एवं बचाव कार्य के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MH 40 CD 4982 तिगांव से साईंखेड़ा की ओर गोभी भरने जा रहा था। गुरुवार सुबह करीब 3:05 बजे ग्राम उमनपेठ के पास ट्रक के अगले हिस्से में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी, जिससे चालक और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ट्रक के सामने वाले हिस्से में लगी थी और तेजी से फैल रही थी।

यदि आग डीजल टैंक तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी और बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मनोज कवड़े, दीपक अहिरवार एवं विजय बड़घरे तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया।

उनकी त्वरित कार्रवाई के चलते ट्रक को अधिक क्षति होने से बचा लिया गया।घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने फायर ब्रिगेड कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मुस्तैदी और साहसिक प्रयासों ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

फायर कर्मियों की तत्परता बनी मिसाल -इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपात परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड की त्वरित प्रतिक्रिया कितनी महत्वपूर्ण होती है। समय पर की गई कार्रवाई से न केवल वाहन को बचाया जा सका, बल्कि किसी भी प्रकार की जनहानि और बड़े आर्थिक नुकसान को भी रोका जा सका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here