शांति समिति की बैठक में एल्डरमैन के बयान पर बावल, एफआईआर की मांग

0

मुलताई में कांग्रेस ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई को लेकर हुई तीखी बहस,

मुलताई। थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक के दौरान भाजपा नगर मंडल महामंत्री एवं एल्डरमैन निलेश चावरिया के कथित विवादित बयान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी विकास पटेल को ज्ञापन सौंपकर एल्डरमैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और थाना प्रभारी के बीच कार्रवाई को लेकर तीखी बहस भी हुई। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने थाना प्रभारी से पूछा कि संबंधित एल्डरमैन के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है। इस पर थाना प्रभारी विकास पटेल ने उन्हें धीरे बोलने के लिए कहा। इसे लेकर कुछ देर तक बातचीत तीखी रही।

बाद में अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थिति संभाली और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि गत दिवस थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में डीजे बजाने की अनुमति को लेकर चर्चा हो रही थी। इस दौरान भाजपा नगर मंडल महामंत्री एवं एल्डरमैन निलेश चावरिया ने कथित तौर पर कहा, “डीजे की परमिशन नहीं दी तो माता की मैयत निकालूंगा।” ज्ञापन के अनुसार, बैठक में विधायक सहित शासन-प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषय पर इस तरह की कथित टिप्पणी अनुचित है और इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि उक्त बयान से हिंदू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तथा धार्मिक भावनाएं भड़कने की आशंका है।

ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यक्ति के कथित बयान की जांच कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और धारा 352 के तहत, यदि संबंधित कानूनी प्रावधानों के आवश्यक तत्व पाए जाते हैं, तो कार्रवाई की जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले में शीघ्र एफआईआर दर्ज करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव, युवक कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष शिवकुमार माहोरे, किशोर सिंह परिहार, नितेश साहू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here