अलग-अलग स्थानों पर दबिश और होटल-लॉज की चेकिंग, आबकारी अधिनियम के तहत दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज,
मुलताई। अवैध एवं जहरीली शराब के संग्रहण, विक्रय और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से मुलताई पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 10 सितंबर 2026 को कस्बा मुलताई एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई।
इस दौरान होटल एवं लॉज की भी सघन चेकिंग की गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों के कब्जे से अवैध रूप से रखी एवं परिवहन की जा रही देशी तथा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 2,350 रुपये बताई गई है। पहली कार्रवाई परमंडल जोड़ के पास, मुलताई में की गई।

यहां पुलिस टीम ने राजेश पिता रघुनाथ भुमरकर, निवासी भगतसिंह वार्ड, मुलताई, के कब्जे से 12 पाव अवैध देशी मसाला शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,080 रुपये बताई गई है। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दूसरी कार्रवाई पारगांव रोड हाईवे पर की गई। पुलिस ने मिथुन पिता मदनलाल पवार (38 वर्ष), निवासी भगतसिंह वार्ड, मुलताई, को अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से एक बीयर, दो नग अंग्रेजी शराब के पाव तथा 11 पाव देशी शराब बरामद की गई।

जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत करीब 1,270 रुपये है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का कृत्य आबकारी अधिनियम के तहत दंडनीय पाए जाने पर उनके विरुद्ध धारा 34(ए) आबकारी अधिनियम के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। दोनों मामलों को विवेचना में लिया गया है तथा पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

होटल और लॉज की भी हुई जांच,
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीमों ने कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देने के साथ ही होटल एवं लॉज की भी जांच की। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के संग्रहण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के निर्देशन में प्रधान आरक्षक गजराज, आरक्षक प्रिंस, विवेक, अरविंद, सेवाराम एवं गोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


