ताप्ती उद्गम स्थल से मां ताप्ती का पवित्र जल लेकर रवाना होंगे कांवड़िए, तैयारियों को लेकर नागदेव मंदिर में बैठक संपन्न,
मुलताई। पवित्र नगरी मुलताई से प्रतिवर्ष श्रावण मास में निकलने वाली विशाल सर्व मंगल कावड़ यात्रा की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। यह यात्रा 7 अगस्त को मां ताप्ती उद्गम स्थल से प्रारंभ होकर 10 अगस्त को प्राचीन शिवधाम सालबर्डी पहुंचेगी, जहां कांवड़िए मां ताप्ती के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
भाजपा प्रवक्ता रामचरण मालवीय ने बताया कि ताप्ती उद्गम स्थल से प्राचीन शिवधाम सालबर्डी तक निकलने वाली चतुर्थ सर्व मंगल कावड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर नेहरू वार्ड स्थित नागदेव मंदिर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 अगस्त को कांवड़िए ताप्ती तट से मां ताप्ती का पवित्र जल कांवड़ में भरकर यात्रा प्रारंभ करेंगे। प्रथम दिन यात्रा मुलताई से आष्टा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 8 अगस्त को यात्रा आष्टा से गेहूंबारसा के लिए प्रस्थान करेगी और वहीं रात्रि विश्राम करेगी।

9 अगस्त को गेहूंबारसा से रवाना होकर कावड़ यात्रा सालबर्डी पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु रात्रि विश्राम करेंगे। 10 अगस्त की सुबह सभी कांवड़िए शिवधाम स्थित गुफा मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन करेंगे।सर्व मंगल कावड़ यात्रा आयोजन समिति ने क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।




