गंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश; महिला की पहचान गोपनीय रखी गई,
बैतूल। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में महिला सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में तत्काल अपराध दर्ज कर शीघ्र विवेचना, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा पीड़िताओं की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना गंज पुलिस ने महिला की सोशल मीडिया आईडी पर लगातार अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस ने पूरे मामले में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2025 को पीड़िता ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक फेसबुक अकाउंट से उसे लगातार अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। शिकायत के आधार पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 423/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2), 78(2), 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की धारा 67 एवं 67ए के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टेलीफोन कॉलोनी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी जितेन्द्र उर्फ जिम्मी नरवरे (42 वर्ष), निवासी टेलीफोन कॉलोनी, गंज को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शासकीय माध्यमिक विद्यालय कोदर, तहसील शाहपुर, जिला बैतूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, प्रधान आरक्षक मंतराम सरयाम, प्रधान आरक्षक चन्द्रशेखर हिगवे, प्रधान आरक्षक मयूर तथा आरक्षक मनोज की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले किसी भी प्रकार के साइबर उत्पीड़न, अश्लील संदेश या ऑनलाइन अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा साइबर हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



————————————————————————-

