दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन,

0

मुलताई। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी की निंदा की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए नगर के बस स्टैंड मार्ग से तहसील परिसर पहुंचे। यहां राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सौंपा गया। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज, आंसू गैस और बल प्रयोग किया, जिससे कई छात्र घायल हुए। इस घटना से देशभर के युवाओं में भय, आक्रोश और असंतोष का वातावरण निर्मित हुआ है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया। इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और जनप्रतिनिधियों को छात्रों की आवाज उठाने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। ऐसी स्थिति में नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।


कांग्रेस ने अपनी मांगों में दिल्ली में छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच, घायल छात्रों को समुचित उपचार एवं मुआवजा, राहुल गांधी सहित सभी प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई वापस लेने, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड देने तथा देश के युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास बहाल करने के लिए पारदर्शी एवं जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित शिवहरे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रभारी संजय यादव, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष तकिऊल हसन रिजवी, कल्लू सिंह वकील, किशोर सिंह परिहार, पार्षद निर्मला उबनारे, शेख जाकिर, आशीष जैन, भुवन साहू, टीनू मिश्रा, अल्केश फुलवार, आशीष सोनी, हर्षित बाजपेयी, रितेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here