केन-बेतवा विस्थापितों के चिता आंदोलन के समर्थन में उतरे आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम,

0

भोपाल पन्ना। केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत मझगाय डेम निर्माण से प्रभावित परिवारों के अधिकारों, उचित मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर जारी चिता आंदोलन के 42वें दिन मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम आंदोलन स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत आदिवासी एवं किसान परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके संघर्ष के प्रति समर्थन जताया।

रामू टेकाम ने कहा कि प्रभावित परिवार लंबे समय से अपने अधिकारों और उचित मुआवजे की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। यह चिंताजनक है कि जिन परिवारों की जमीन, आजीविका और जीवन परियोजना से प्रभावित हुए हैं, उन्हें अपनी जायज मांगों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा, न्यायपूर्ण पुनर्वास और उनके अधिकारों का संरक्षण मिलना चाहिए। सरकार एवं प्रशासन को पीड़ित परिवारों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर उनके निराकरण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

रामू टेकाम ने कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर आदिवासी एवं किसान परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। विकास तभी सार्थक है, जब परियोजना से प्रभावित लोगों को न्याय मिले, उनके नुकसान की उचित भरपाई हो और उनका भविष्य सुरक्षित रहे।उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से मांग की कि चिता आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर प्रभावित परिवारों के साथ तत्काल संवाद स्थापित किया जाए। मुआवजे और पुनर्वास से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध तरीके से उनका निराकरण किया जाए।

रामू टेकाम ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने आंदोलन कर रहीं दिव्या अहिरवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 307 के तहत कथित फर्जी एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा है। उन्होंने इस कार्रवाई को अमानवीय और शर्मनाक बताया। साथ ही आंदोलनकारी अमित भटनागर के संघर्ष की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को सलाम किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस प्रभावित परिवारों की जायज मांगों के समर्थन में मजबूती से खड़ी है। जब तक उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं होता, तब तक उनके अधिकारों की आवाज उठाई जाती रहेगी। संगठन ने लोकतांत्रिक तरीके से न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।

इस दौरान ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस की प्रभारी एवं मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस की प्रभारी अर्चना पोर्ते ने भी प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उनके संघर्ष में साथ देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में आदिवासी कांग्रेस पन्ना के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ठाकुर, छतरपुर जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह सहित कदीर खान, राजबहादुर एवं गुप्ता जी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here