ताईखेड़ा सहित कई किसानों को बनाया था निशाना, ₹1.42 लाख का चोरी गया सामान बरामद
मुलताई। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में थाना मुलताई पुलिस को खेतों से मोटर एवं बिजली वायर चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग ₹1.42 लाख मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी दिलीप पिता श्रीराम धाकड़ निवासी ग्राम ताईखेड़ा ने थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा खेतों में सिंचाई कार्य के लिए लगाए गए बिजली वायर और मोटर चोरी कर लिए गए हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने गांव के अन्य किसानों को भी निशाना बनाया था। इनमें सुभाष किराड़, सखाराम दौडके, वामन डंडारे, मुन्ना नरबरे और तुकाराम सूर्यवंशी की कृषि सामग्री चोरी होने की जानकारी सामने आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 365/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू की गई।
बरामद सामग्री में शामिल हैं :
• एक स्टार्टर — अनुमानित कीमत ₹5,000
• कुल 5715 फीट बिजली वायर — अनुमानित कीमत ₹57,000
• दो पानी की मोटर — अनुमानित कीमत ₹80,000

जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्राम ताईखेड़ा निवासी रवि पिता गुलाब बरोदे (32 वर्ष) को संदेह के आधार पर घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया गया।


