मुलताई में विद्युत संपर्क अभियान शुरू, पहले ही शिविर में 73 आवेदनों का तत्काल निराकरण,

0

मुलताई। म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, मुलताई संभाग द्वारा गुरुवार से विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “संपर्क अभियान” की शुरुआत की गई। अभियान का पहला शिविर पुराने अस्पताल की भूमि, पटेल वार्ड में आयोजित किया गया, जहां विद्युत संबंधी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर में मुलताई विद्युत संभाग के डीजीएम अंकित गुप्ता, उपमहाप्रबंधक हितेश वशिष्ठ एवं जेई अभिषेक पद्रे की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में कुल 73 आवेदन पंजीकृत किए गए थे, जिनका तत्काल निराकरण किया गया। शिविर में उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी, जिसमें उपभोक्ताओं ने डिजिटल एवं नगद दोनों माध्यमों से बिल राशि का भुगतान किया।

विद्युत अधिकारियों ने जानकारी दी कि संपर्क अभियान के अंतर्गत मुलताई नगरीय क्षेत्र के लगभग 12,900 विद्युत उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुलताई संभाग के सभी 10 वितरण केंद्रों के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में आगामी 14 मई, 19 मई, 23 मई एवं 27 मई 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में विद्युत से संबंधित विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नए कनेक्शन, नाम एवं भार परिवर्तन, स्थायी पंप कनेक्शन मात्र 5 रुपये में, श्रेणी परिवर्तन तथा स्थायी विच्छेदन जैसी सेवाएं शामिल रहीं। इसके अलावा बिल संबंधी समस्याओं जैसे गलत बिल, अधिक बिल, गलत रीडिंग, आंशिक भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट आदि का भी निराकरण किया गया।

तकनीकी सेवाओं में बिजली बंद होना, लाइन संबंधी समस्याएं, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव, ट्रिपिंग तथा खराब ट्रांसफार्मर बदलने जैसी शिकायतों पर भी कार्रवाई की गई। वहीं मीटर संबंधी समस्याओं जैसे बंद या खराब मीटर बदलना, मीटर के तेज चलने की शिकायत और स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि संपर्क अभियान का उद्देश्य विद्युत सेवाओं को प्रत्येक उपभोक्ता के द्वार तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का सरल एवं त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here