मां ताप्ती की नगरी मुलताई में अखिल भारतीय भार्गव समाज की छठी राष्ट्रीय बैठक संपन्न,

0

मुलताई। मां ताप्ती की पावन उद्गम स्थली एवं धार्मिक नगरी मुलताई में अखिल भारतीय भार्गव समाज की 2025–27 सत्र
की छठी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का शआयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस बैठक में देशभर से आए समाज के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन की भावी गतिविधियों, सामाजिक विकास, आगामी वार्षिक अधिवेशन तथा निर्वाचन की रूपरेखा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए।

बैठक के दौरान शनिवार रात्रि 8 बजे ताप्ती तट स्थित महाआरती घाट पर मां ताप्ती की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। जगदीश मंदिर के पुजारी पंडित संतोष शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ मां ताप्ती की आरती संपन्न कराई। महाआरती में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने मां ताप्ती का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं समाज की उन्नति की कामना की।

इस अवसर पर अखिल भारतीय भार्गव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल भार्गव, राष्ट्रीय सचिव संजय भार्गव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजय भार्गव, अखिल भारतीय महिला भार्गव सभा की अध्यक्ष सुमन भार्गव, सचिव राजश्री भार्गव, कोषाध्यक्ष मधु भार्गव सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैतूल एवं मुलताई भार्गव समाज के बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं ने भी महाआरती में सहभागिता निभाई।


अखिल भारतीय भार्गव समाज के कार्यकारिणी सदस्य प्रशांत भार्गव ने बताया कि दो दिवसीय बैठक का आयोजन पारेगांव रोड स्थित वृंदावन रिसोर्ट में किया गया। बैठक में समाज के आगामी वार्षिक अधिवेशन, संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार तथा आगामी निर्वाचन की रूपरेखा तैयार करने सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने बताया कि शनिवार को अखिल भारतीय महिला भार्गव सभा की बैठक आयोजित की गई, जबकि रविवार को अखिल भारतीय भार्गव समाज की मुख्य बैठक संपन्न हुई। दोनों बैठकों में समाज हित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।
बैठक के समापन के पश्चात समाज के सभी पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं सामाजिक बंधुओं के लिए सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने आत्मीयता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सहभागिता की।

—————————————————————————-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here