कार्तिक पूर्णिमा पर ताप्ती में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, गूंजे जयकारे,

0

मुलताई। पवित्र नगरी मुलताई में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ताप्ती तट के विभिन्न घाटों और धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने पुण्य सलिला मां ताप्ती में आस्था की डुबकी लगाकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है। इसी आस्था के चलते मुलताई सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ताप्ती तट पहुंचे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर धार्मिक आयोजन और मेले आयोजित किए गए। ताप्ती परिक्रमा क्षेत्र में दिनभर धार्मिक गतिविधियों की धूम रही। श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मां ताप्ती के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारा और प्रसादी वितरण की व्यवस्था की।

कार्तिक पूर्णिमा पर ताप्ती स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों ने जगह-जगह भंडारा एवं प्रसादी वितरण के आयोजन किए। बस स्टैंड पर टैक्सी यूनियन की ओर से तथा जयस्तंभ चौक पर माता की सेवा मंडल द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। इसके अलावा नगर की अनेक सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों ने भी श्रद्धालुओं को भोजन एवं प्रसादी वितरित की। इन आयोजनों के चलते नगर में दिनभर धार्मिक और सेवाभावी माहौल बना रहा। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारों में प्रसादी ग्रहण की। वहीं, विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सेवा कार्यों में जुटे रहे।

कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद नगर की व्यवस्थाओं में कुछ कमियां भी दिखाई दीं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर पालिका की ओर से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सकता था। हालांकि, बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के लिए विभिन्न स्थानों पर नगर पालिका के कर्मचारी तैनात दिखाई दिए, जो लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। ताप्ती सरोवर में पर्याप्त जल भरा होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से नगर पालिका द्वारा दो नावों के साथ नाविक, तैराक और ट्यूब की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

पवित्र नगरी मुलताई का धार्मिक महत्व केवल मां ताप्ती तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह सिख समाज की आस्था का भी प्रमुख केंद्र है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नगर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब श्री गुरु नानक दरबार में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। ऐतिहासिक मान्यता के अनुसार गुरु नानक देव जी ने मुलताई में ताप्ती तट पर 14 दिनों तक प्रार्थना और साधना की थी।

इसी धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के चलते प्रकाश पर्व पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारे में मत्था टेकने पहुंचे। प्रकाश पर्व के अवसर पर सुबह गुरुद्वारा समिति द्वारा कीर्तन करते हुए ताप्ती परिक्रमा क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में पंच प्यारों सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक परंपरा के अनुसार निशान साहिब का चोला बदला गया और अरदास के पश्चात लंगर सेवा प्रारंभ हुई। पुर्व पार्षद हनी खुराना ने बताया कि मुलताई का गुरुद्वारा ऐतिहासिक महत्व रखता है और प्रदेश के प्रमुख गुरुद्वारों में इसका विशेष स्थान है। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व कार्तिक पूर्णिमा को होने के कारण इस अवसर पर दूर-दराज से श्रद्धालु यहां पहुंचकर मत्था टेकते हैं। प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में सुबह से शाम तक लंगर और भंडारा प्रसादी का आयोजन चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लंगर ग्रहण कर सेवा और समर्पण की परंपरा में सहभागिता की।

मुलताई से लगभग छह किलोमीटर दूर ग्राम सांडिया में स्थित शांडिल्य ऋषि की तपोभूमि पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर एक दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। इस धार्मिक मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने यहां स्नान करने के बाद ताप्ती तट पर स्थित ऋषि शांडिल्य मंदिर, मां ताप्ती मंदिर और ग्राम देवता लालजी बाबा के मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और दर्शन किए। इस स्थान का धार्मिक महत्व होने के कारण कार्तिक पूर्णिमा पर मध्यप्रदेश सहित अन्य प्रदेशों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मेले के दौरान विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। भंडारा प्रसादी की व्यवस्था ग्राम की भंडारा प्रसादी समिति द्वारा की गई। इसके साथ ही लालजी बाबा समिति ने भी धार्मिक आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों, दर्शन और भंडारा प्रसादी के चलते सांडिया में मेले जैसा उत्सवी माहौल बना रहा।

कार्तिक पूर्णिमा पर ताप्ती तट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाले मेलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर आवागमन में परिवर्तन किया गया।ताप्ती परिक्रमा क्षेत्र को वाहनों के आवागमन के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित रखा गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान और दर्शन के लिए आने-जाने में परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक प्रमुख पॉइंट पर पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं, ताप्ती परिक्रमा क्षेत्र में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिसकर्मियों ने दिनभर व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here