पानी के टांके में उतरे दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत,

0

मुलताई। नगर के भगतसिंह वार्ड में मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में दो सगे भाइयों की दम घुटने से मौत हो गई। निर्माणाधीन मकान के पानी के टांके में लगी सेंटरिंग खोलने के लिए उतरे दोनों भाई जहरीली गैस अथवा ऑक्सीजन की कमी के कारण बेहोश हो गए और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार भगतसिंह वार्ड स्थित एक निर्माणाधीन मकान में पानी के टांके (वॉटर टैंक) का निर्माण कराया गया था। टांके में लगी सेंटरिंग निकालने के लिए ग्राम डीवटिया निवासी विजय पिता धुंधलाल पवार (38 वर्ष) अपने छोटे भाई संजय पवार (32 वर्ष) तथा एक अन्य मजदूर मुकेश परिहार के साथ कार्यस्थल पर पहुंचे थे।

बताया जाता है कि शाम करीब 5 बजे विजय पवार सेंटरिंग खोलने के लिए टांके के अंदर उतरे। काफी देर तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर छोटे भाई संजय को चिंता हुई और वह भी विजय को देखने के लिए टैंक के अंदर उतर गया। लेकिन कुछ समय बाद उसकी भी कोई आवाज बाहर नहीं आई।

जब काफी देर तक दोनों भाइयों की कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी तो उनके साथ मौजूद मजदूर मुकेश परिहार ने टांके के ढक्कन से अंदर झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। विजय और संजय दोनों टैंक के भीतर अचेत अवस्था में पड़े थे।
घबराए मुकेश ने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों भाइयों को टैंक से बाहर निकालकर तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार संजय बारिया तथा एसडीओपी एस.के. सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

दोनों भाइयों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए। एक ही परिवार के दो जवान बेटों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों के चीत्कार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। दम घुटने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बंद टैंक के भीतर ऑक्सीजन की कमी अथवा जहरीली गैस के कारण दोनों भाइयों का दम घुट गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस दुखद हादसे ने एक बार फिर बंद टैंकों, कुओं और अन्य संकरे स्थानों में बिना सुरक्षा उपकरणों के प्रवेश करने के खतरों को उजागर कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here