शिक्षकों ने सामूहिक सहयोग से जुटाई राशि, स्कूलों को मिले 50 पंखे, 50 ट्यूबलाइट और 50 वॉटर कैन सहित अन्य जरूरी संसाधन,
मुलताई। शिक्षा संजीवनी अभियान के अंतर्गत जन शिक्षा केंद्र बरखेड़, विकासखंड मुलताई के अंतर्गत आने वाले शासकीय विद्यालयों को ₹2 लाख 70 हजार की सामग्री वितरित की गई। यह राशि क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के सामूहिक सहयोग से एकत्रित की गई। अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
जनशिक्षक सुनील कवड़कर ने बताया कि शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत शिक्षकों के सहयोग से एकत्रित राशि से विद्यालयों के लिए 50 वॉटर कैन, 50 ट्यूबलाइट, 50 पंखे और 50 नग फर्नीचर सहित विभिन्न आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विद्यालयों में माइक सेट, वाटर फिल्टर उपलब्ध कराने तथा शाला भवनों की मरम्मत के लिए भी राशि प्रदान की गई, ताकि स्कूलों की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।

जनप्रतिनिधियों और शिक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में वितरण,
सामग्री वितरण कार्यक्रम में तहसीलदार संजय कुमार बरैया, बीआरसी आशीषचंद्र शर्मा, जिला पंचायत सदस्य कंचन कास्लेकर, जनपद सदस्य हेमराज चौधरी, ग्राम पंचायत बरखेड़ के सरपंच पांडू मरकाम तथा संकुल प्राचार्य आई.के. मालवीय उपस्थित रहे। अतिथियों की मौजूदगी में विद्यालयों के लिए निर्धारित सामग्री वितरित की गई। शिक्षकों की पहल से मजबूत होंगी शैक्षणिक सुविधाएं कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के सामूहिक प्रयास और सहयोग भावना की सराहना की गई।
शिक्षा संजीवनी अभियान के माध्यम से शिक्षकों ने विद्यालयों की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई है। यह पहल शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाती है।
शिक्षकों के इस सहयोग से शासकीय विद्यालयों में जरूरी संसाधनों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। अभियान की यह पहल शासकीय शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।


