आरोपी ने खेत के पास महिला के साथ जबरदस्ती किया था दुष्कर्म और विरोध करने पर दी थी जान से मारने की धमकी
मुलताई। पुलिस ने आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खेत के पास महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और विरोध करने पर धमकी दी। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच फरियादिया अपने खेत में अकेली घास काट रही थी। थकान लगने पर वह खेत के समीप सड़क किनारे लेंडिया के पेड़ के नीचे बैठकर पानी पी रही थी। इसी दौरान ढोडिया ढाना की ओर से मोटरसाइकिल पर रवि सोनवाने वहां पहुंचा और महिला के पास वाहन रोककर बातचीत करने लगा।पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को अपने साथ दूर ले जाने की बात कही।

महिला ने इसका विरोध करते हुए स्वयं के शादीशुदा होने की बात कही और आरोपी को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद जब महिला खेत की ओर जाने लगी, तो आरोपी ने कथित रूप से उसका पीछा किया और पीछे से पकड़कर मक्के के खेत में गिरा दिया। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया तथा गला दबाकर धमकी दी।
करने पर मोबाइल फोन पत्थर पर पटकने का आरोप,
फरियादिया के अनुसार, घटना के दौरान उसके मोबाइल फोन की घंटी बजने पर आरोपी ने फोन छीनकर पत्थर पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया। महिला द्वारा बचाव के लिए शोर मचाने पर सड़क से मोटरसाइकिल की आवाज सुनाई दी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। महिला ने अपने पति के साथ थाना मुलताई पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।

बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज,
पुलिस ने फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 786/26 दर्ज किया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(w)(ii) एवं 3(2)(v) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस के अनुसार, सटीक सूचना मिलने के बाद आरोपी रवि पिता लेखराम सोनवाने, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम चिमनखापा, जिला पांढुर्णा, को उसके गांव से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
-इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल, उपनिरीक्षक मोनिका पटले, उपनिरीक्षक नितिन उइके, प्रधान आरक्षक सुनील पंद्राम, आरक्षक अभिषेक वाडिवा, आरक्षक विवेक चौरे एवं आरक्षक सेवाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग ने टीम के प्रयासों को सराहनीय बताया।
