ड्रीमलैंड सिटी में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में लगी आग, दो लाख से अधिक का नुकसान,

0

मुलताई। नगर के बैतूल रोड स्थित ड्रीमलैंड सिटी में शनिवार तड़के एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग की इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ड्रीमलैंड सिटी स्थित अमित पवार की साईंनाथ बिल्डिंग मटेरियल दुकान में शनिवार सुबह लगभग 5:04 बजे अचानक आग भड़क उठी।

आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल दुकान संचालक एवं नगर पालिका फायर ब्रिगेड को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान इसकी चपेट में आने लगा।

आग के कारण दुकान में रखे मोटर पम्प, नोजल पाइप, कंप्यूटर सिस्टम, वाहन टायर सहित अन्य निर्माण सामग्री जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। आग तेजी से फैलने के कारण दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान नष्ट हो गया, जिससे दुकान संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मचारी मनोज कवड़े, दीपक अहिरवार एवं विजय बड़घरे मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

कर्मचारियों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी समय पर की गई कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

दुकान संचालक अमित पवार ने बताया कि आग से मोटर पम्प, पाइप, कंप्यूटर सिस्टम, टायर एवं अन्य व्यापारिक सामग्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जो दो लाख रुपये से अधिक होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here