राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में योगिता चौरे ने जीता सिल्वर मेडल,

0

मुलताई/बिसनूर। ग्राम बिसनूर की शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा योगिता चौरे ने राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल हासिल किया है। योगिता की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर गांव लौटने पर विद्यालय परिवार, साथी विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकालकर योगिता को बधाई दी गई और उनकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया गया।

राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन जबलपुर में किया गया था। इस प्रतियोगिता में योगिता चौरे, पिता गणेश चौरे, ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया और रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस सफलता को लेकर ग्राम बिसनूर में उत्साह देखने को मिला। गांव आगमन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय पहुंचने पर योगिता को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संयोजक प्राचार्य रमेश कुमार मालवीय, विकासखंड नोडल अधिकारी एवं प्रभात पट्टन के बीईओ आशीष चंद्र शर्मा, विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिसनूर के शिक्षक सावन डढोरे, ग्राम बिसनूर के उपसरपंच केशराव धोटे सहित संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जूडो कोच अंजलि बिसके और जूडो के जनरल मैनेजर प्रदीप पंडोले की भूमिका का भी उल्लेख किया गया। इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सूरज, पिता पंजाबराव देशमुख, का भी उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में सहयोगी शिक्षक विनय कुमरे, पीयूष नीनावे, ललित धोटे, विद्यालय की पीटीए अध्यक्ष गगन चंद्र जायसवाल, वसंत देशमुख और सतीश ठाकरे ने भी योगिता का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

उपस्थित जनों ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के बारे में बताया तथा पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। योगिता चौरे की इस उपलब्धि ने ग्राम बिसनूर और विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने की प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार ने योगिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here