पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

0

मुलताई। बैतूल जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत मुलताई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं एक महिला आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे एवं एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मंगोना कलां गेट स्थित बस स्टॉप पर एक पुरुष एवं एक महिला अवैध महुआ शराब बेचने की नीयत से खड़े हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर महिला खेतों की ओर भाग निकली तथा साथ खड़े व्यक्ति को भी भागने के लिए आवाज दी। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बस स्टॉप पर रखे तीन खाकी रंग के बोरों से कुल 65 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब में दो 15-15 लीटर की प्लास्टिक कैन, एक 5 लीटर की कुप्पी तथा दो अन्य 15-15 लीटर की प्लास्टिक कैन शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 6,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल नायक (38 वर्ष), निवासी नहाल मोहल्ला, प्रभातपट्टन के रूप में की है। वहीं अनीता नायक, निवासी प्रभातपट्टन, मौके से फरार हो गई, जिसकी तलाश की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन एवं विक्रय से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इस पर थाना मुलताई में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 648/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल, उपनिरीक्षक दिनेश कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक हुकुमचंद बिल्लोरे तथा आरक्षक कमलेश, लक्ष्मीचंद एवं डुमलेश्वर की सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here