शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्रों ने सौंपा ज्ञापन,

0

मुलताई। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध की गूंज अब तहसील स्तर पर भी सुनाई देने लगी है। शुक्रवार को पवित्र नगरी मुलताई में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं जागरूक नागरिकों ने शांतिपूर्ण रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुलताई को सौंपा। रैली अंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली।

इस दौरान युवाओं ने नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर रोक और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन में पूर्व विधायक डॉ सुनीलम, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमित शिवहरे, पार्षद निर्मला उबनारे तथा आशीष सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। ज्ञापन में कहा गया कि लगातार हो रहे पेपर लीक के कारण वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। शिक्षा, जो राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है, वह भ्रष्टाचार और शिक्षा माफिया के कारण गंभीर संकट का सामना कर रही है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाए जाएं तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि परीक्षा आयोजन से लेकर परिणाम घोषित होने तक पूरी प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को समान अवसर और न्याय मिल सके।

साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी विसंगतियों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि देश का युवा वर्ग शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की अपेक्षा रखता है। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा एवं नगर के जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here