125 से अधिक गांवों में हुआ ताप्ती उपवन निर्माण एवं वृक्षारोपण,

0

मुलताई। ताप्ती जन्मोत्सव के अवसर पर मां ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले ताप्ती जन्मोत्सव शसप्ताह के चौथे दिन क्षेत्र के 125 से अधिक गांवों में एक साथ ताप्ती उपवन निर्माण एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों श्रद्धालुओं, न्यास से जुड़े कार्यकर्ताओं, नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

न्यास द्वारा ग्राम हिवरखेड़, बाड़ेगांव, दुनावा, जोलखेड़ा, धाबला, परसौड़ी सहित अनेक गांवों में ताप्ती उपवन स्थापित किए गए तथा विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान पौधों के संरक्षण और उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

मां ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास के प्रमुख राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि ताप्ती जन्मोत्सव सप्ताह मनाने का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण क्षेत्र के लोगों को मां ताप्ती से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा अपनी मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करना भी है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पिछले दस वर्षों में इस अभियान के सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

मुलताई नगर में ताप्ती उपवन निर्माण अभियान के अंतर्गत नेहरू वार्ड स्थित उप जेल परिसर में भी ताप्ती उपवन की स्थापना की गई। यहां पौधारोपण के साथ पौधों का विधिवत पूजन कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक दिनेश दांगी, जिला प्रचारक शिशुपाल यादव, थाना प्रभारी विकास पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रह्लाद परमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जेल अधीक्षक दिनेश दांगी ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मां ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि न्यास द्वारा 125 से अधिक गांवों में ताप्ती उपवन स्थापित कर धरती माता के श्रृंगार का पुण्य कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए।

ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास के जन्मोत्सव सप्ताह का शुभारंभ 14 जुलाई को ताप्ती तट पर जल कलश पूजन से हुआ था। राम मंदिर में विद्वान पंडितों द्वारा ताप्ती जल कलश का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया, जिसके बाद मां ताप्ती के संदेश स्वरूप इन कलशों को क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में भेजा गया। इसके पश्चात 15 जुलाई को मंदिरों एवं विद्यालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जबकि 16 जुलाई को गौ-पूजन एवं गौ-रक्षा का संकल्प लिया गया। न्यास द्वारा आयोजित ये सभी कार्यक्रम पिछले 10 वर्षों से लगातार 125 से अधिक गांवों में एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज में धार्मिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय चेतना का विस्तार करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here