मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, पहले दिन 71 आवेदन प्राप्त,

0

मुलताई। नगर पालिका से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक शीघ्रता से पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा पवित्र नगरी मुलताई में मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों की शुरुआत शुक्रवार को शासकीय कन्या शाला परिसर में शास्त्री एवं तिलक वार्ड के लिए आयोजित शिविर से हुई।

नगर पालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शिविर में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि नगर के सभी 15 वार्डों को कवर करने के लिए 12 जून से 18 जून तक कुल सात जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त सभी पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले शिविर में पीएम स्वनिधि योजना के 25 आवेदन, वृद्धावस्था पेंशन के 8 आवेदन, अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) के 15 आवेदन तथा संबल योजना के अंतर्गत 23 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार विभिन्न योजनाओं के कुल 71 आवेदन दर्ज किए गए हैं।

सीएमओ तिवारी ने बताया कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए नगर पालिका की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
जनकल्याण शिविरों के सफल संचालन के लिए गठित टीम में दिलीप फुलवार, शेख उजेर, विशाल भारती, श्वेता रावत एवं मनोज सोनी सहित अन्य कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here