संजय द्विवेदी बैतूल,
प्रभावित परिवारों को राशन व सुविधाएं, उपार्जन केंद्रों पर अनाज सुरक्षा पर जोर,
बैतूल, 2 मई 2026।जिले में अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सभी एसडीएम को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को परेशानी न हो। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण अनाज को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। इसके लिए भंडारण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आंधी का असर: पेड़ गिरे, यातायात बाधित,
शनिवार को आई तेज आंधी के चलते बैतूल नगर के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 10 पेड़ गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। नगरपालिका की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया, जिससे आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।
वहीं, आमला क्षेत्र के खेड़ली बाजार–बोरधाई रोड पर बेल नदी के पास पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिसे प्रशासन ने शीघ्र हटवाकर यातायात बहाल कर दिया।
शॉर्ट सर्किट पर समय रहते काबू
बैतूल मंडी के सब्जी मंडी शेड में शॉर्ट सर्किट की घटना सामने आई, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका। खरीदी केंद्रों पर विशेष प्रबंध मुलताई क्षेत्र के खरीदी केंद्रों पर उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि खराब मौसम के चलते किसानों को नुकसान न उठाना पड़े।

ग्राम मोहदा आगजनी: राहत कार्य तेज
\भीमपुर ब्लॉक के ग्राम मोहदा में आगजनी की घटना के बाद प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। कलेक्टर के निर्देश पर प्रभावित परिवारों को राशन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, आग से हुए नुकसान का आकलन कर आरबीसी 6(4) के तहत प्रकरण तैयार कर शीघ्र राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।एसडीएम भैंसदेही अजीत मरावी के अनुसार, आग कच्चे मकानों में लगी थी और इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।


